मप्र में कार्यक्रम कैंसिल कर राज्यपाल आनंदीबेन अचानक लखनऊ पहुंचीं, 28 या 29 को हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार
लखनऊ. 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां शुरू हो गई है। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मध्य प्रदेश के सभी कार्यक्रम निरस्त करके अचानक लखनऊ पहुंच गई। राजभवन में भी तैयारियां हो रही है इससे तय माना जा रहा है कि 28 या 29 मई के बीच योगी सरकार का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।
जानकारी के अनुसार पूर्व आईएएस एके शर्मा को डिप्टी सीएम बनना तय है वहीं केशव प्रसाद मौर्या को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान सौंपते हुए ओबीसी चेहरे के साथ भाजपा चुनाव में जा सकती है।
दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार होगा
19 मार्च 2017 को योगी सरकार गठन के बाद 22 अगस्त 2019 को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार किया था। उस दौरान उनके मंत्रिमंडल में 56 सदस्य थे। कोरोना के चलते तीन मंत्रियों का निधन हो चुका है। हाल ही में राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप की मौत हुई थी जबकि पहली लहर में मंत्री चेतन चौहान और मंत्री कमल रानी वरूण का निधन हो गया था। उप्र में कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 60 तक हो सकती है। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 6 स्वतंत्र प्रभार मंत्रियों को कैबिनेट की शपथ दिलाई गई थी इसमें तीन नए चेहरे भी थे।