निर्माण श्रमिकों से बोले CM- एक जून से कोरोना कर्फ्यू खत्म हो रहा है, भीड़ नहीं करनी है...

मध्य प्रदेश (MP) में एक जून से कोरोना कर्फ्यू (Corona curfew) में ढील शुरू हो जाएगी. ये काम धीरे-धीरे होगा. उससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj) लोगों को आगाह करने में लगे हैं. मंगलवार को निर्माण श्रमिकों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा 1 जून से प्रदेश में धीरे-धीरे कोरोना कर्फ्यू समाप्त किया जाएगा. ऐसे में आपको पूरी सावधानी रखनी हैं. मास्क लगाना है, एक दूसरे से दूरी रखनी है, कहीं भीड़ नहीं करनी है, बार-बार हाथ धोने हैं. सबको वैक्सीन लगवाना है.

सीएम ने कहा इन सब सावधानियों का पालन करते हुए हम कोरोना से लड़ते भी रहेंगे और काम धंधा भी करते रहेंगे. मुख्यमंत्री ने इससे पहले प्रदेश के 11 लाख 28 हजार निर्माण श्रमिकों के खाते में कोविड-19 सहायता योजना के तहत 112 करोड़ 81 लाख रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की.

सीएम ने पूछा गुस्सा तो नहीं हो भाई से

इस दौरान सीएम ने कुछ श्रमिकों से बातचीत भी की. टीकमगढ़ जिले के निर्माण श्रमिक परीक्षित अहिरवार, इंदौर की शशि वर्मा, मंडला की गिरिजा वनवासी, भिंड के प्रसाद राठौर और सीहोर की लता मालवीय से बातचीत की. उन्होंने पूछा कोरोना के दौरान पाबंदियां लगाने पर वे अपने भाई से गुस्सा तो नहीं हैं. यदि कोरोना कर्फ्यू नहीं लगाया जाता तो प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित नहीं होता. यह जरूरी था. अब कोरोना नियंत्रित हो गया है, अत: हम धीरे -धीरे पाबंदियां खत्म करेंगे.

अपनी सुरक्षा स्वयं करें

श्रमिकों के नाम अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कोरोना से आपको अपने गांव-शहर की खुद सुरक्षा करनी पड़ेगी. सारी सावधानियों का पालन करें. साथ ही वैक्सीन जरूर लगवाएं. यह कोरोना से बचने का सुरक्षा चक्र है.