एलिवेटेड रोड की 441 करोड़ डीपीआर पीडब्ल्यूडी के सेतु संभाग ने भोपाल भेजी, दो फेज में काम होगा
ग्वालियर. कोरोना संक्रमण काल की दूसरी लहर में राहत मिलने के बीच ग्वालियर के विकास की पहली खबर सामने आई है। ग्वालियर के ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड की 442 करोड़ की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट डीपीआर भोपाल सबमिट कर दी गई है। यह पहले फेज की डीपीआर है जिसमें फूलबाग स्थित रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से लेकर ट्रिपल आईटीएम तक 7.1 किमी की एलिवेटेड रोड़ स्वर्ण रेखा नदी के ऊपर बनेगी। इस प्रोजेक्ट के लिए बजट में भी प्रावधान कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सेतु संभाग की ओर से भेजी गई फायरनल डीपीआर के बाद अब प्रशासकीय स्वीकृति आते ही टेंडर बुला लिए जाएंगे और खास बात यह है कि स्मार्ट सिटी के लिए काम करने वाली एलएंडीटी कंपनी इस प्रोजेक्ट को ले सकती है।
दो फेज- डीपीआर 14.7 किमी, बजट 829 करोड़
हनुमान बांध से जीवाजीगंज, छप्पर वाला पुल, फूलबाग और हजीरा होते हुए ट्रिपल आईटीएम के पास पहुंचने वाली इस एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट 829 करेड़ की तैयार की गई है। इसकी कुल लंबाई 14.7 किमी रखी गई है। सीधे एक बार में इतना बड़ा बजट जारी नहीं किया जा सकता है इसलिए इसे दो फेज में बनाया गया है।
पहला फेज फूलबाग से ट्रिपल आईटीएम तक है और दूसरा फेज हनुमान बांध से फूलबाग तक रहेगा। एलिवेटेड रोड चार मुख्य जगहों से कनेक्ट होगी और पैदल चलने वालों के लिए भी मार्ग इसमें रहेगा। फूलबाग से ट्रिपल आईटीएम तक पहुंचने वाले पहले फेज की डीपीआर 441 करोड़ की तैयार कर भोपल भेज दी गई है।