ग्वालियर को कैसे करे अनलॉक कलेक्टर ने इंसीडेंट कमांडरों से मांगी प्लानिंग
ग्वालियर. 31 मई के बाद होने वाले अनलॉक को कैसे खोला जाएगा, हॉट स्पॉट में खोलने की क्या प्लानिंग रहेगी। बाजार, हाकर्स जोन से लेकर फुटपाथ वाले बाजारों में कैसे भीड़ को कंट्रोल किया जाएगा और क्या-क्या फिलहाल खोलना जरूरी है और क्या बाद में खुलेगा। कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट में जिले के सभी इंसीडेंट कमांडरों की बैठक ली और दो दिन में अनलॉक को लेकर प्लान मांगा है। इसी प्लान के आधार पर ग्वालियर को खोलने का प्लान बनाया जाएगा। वहीं कोरोना के टीकाकरण को लेकर अब इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने जोन में यह पड़ताल करेंगे कि लेगों ने टीका लगवाया या नहीं। 50-50 घरों को फार्मेंट के आधार पर चेक किया जाएगा। जिसको एक डोज लगा है उनके फार्मेट में एक टिक लगाया जाएगा और दो डोज पर दो टिक लगाए जाएंगे।
कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर्स और सभी इंसीडेंट कमांडर की मौजूदगी में बैठक ली। बैठक में सभी इंसीडेंट कमांडरों से अब आगे आने वाले समय में भीड़ नियंत्रण को लेकर फोकस किया गया और सभी इंसीडेंट कमांडरों को दो दिन का समय दिया गया है जिसमें वे अपने जोन का प्लान देंगे। इसमें अनलॉक करने के तरीके से लेकर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग व फोर्स तैनाती का पूरा प्लान रहेगा।