मप्र में अनलॉक की शुरूआत, सोमवार से झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा, बुरहानपुर व भिंड में किराना, सब्जी-फल व आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छूट
मध्य प्रदेश में अनलॉक की शुरूआत हो गई है, प्रदेश के कम कोरोना संक्रमण वाले 5 जिलों में 24 मई से 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू जारी रखा गया है लेकिन लोगों को कुछ राहत दी गई है। यह निर्णय राज्य शासन के निर्देश के बाद रविवार देर रात को जिलों के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप ने लिया है। कम संक्रमण वाले 5 जिले झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा, बुरहानपुर व भिंड में सोमवार से कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी गई है इसके तहत किराना, सब्जी-फल व आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी। इसके अलावा सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों की संख्या 10 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दी है।
मंत्रालय जानकारों ने बताया कि इन पाचों जिलों में कर्फ्यू बढ़ाने का आदेश कलेक्टरों ने शनिवार को जारी कर दिया था लेकिन राज्य शासन के निर्देश के बाद संशोधित आदेश जारी किए गए और सभी जिलों में संक्रमण की वर्तमान स्थिति के हिसाब से छूट देने का निर्णय बैठक में लिया गया है। इन जिलों में एक सप्ताह में छूट मिलने के बाद संक्रमण नहीं बढ़ा तो इसी आधार पर 1 जून से अन्य जिलों में छूट व राहत दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिन इलाकों में संक्रमण अधिक होगा वहां माइक्रों कंटेनमेंट जोन बनाकर संक्रमण की चेन को तोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री के 1 जून से धीरे-धीरे कोरोना कर्फ्यू हटाने के संकेत देने के बाद गृह विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टरों से कहा है कि वे स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से कार्ययोजना बनाकर दें कि किस तरह अनलॉक करेंगे।