इस सप्ताह तैयार होगी अनलॉक की गाइडलाइन, 1 जून से कोचिंग, मॉल, सिनेमाघर अभी नहीं खुलेंगे
मंत्रालय जानकारों के अनुसार प्रदेश में 1 जून से कोरोना कर्फ्यू को हटाने की तैयारी सरकार ने शुरू कर दी है। अनलॉक चरणबद्ध तरीके से होगा। पहले चरण में अभी न तो कोचिंग संस्थान खुलेंगे और न ही शॉपिंग मॉल, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट समेत वह स्थान जहां भीड़ एकत्र होने की आशंका ज्यादा रहती है। शादी समारोह की अनुमति स्थानीय प्रशासन दे सकेगा पर संख्या सीमित ही रहेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही कह चुके है कि मई माह में वैवाहिक कार्यक्रम टाल दिए जाए।
सभी कलेक्टरों से कहा स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से कार्ययोजना बनाकर दें
बताया जा रहा है कि जिन इलाकों में संक्रमण अधिक होगा वहां माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर संक्रमण की कड़ी को तोड़ने का काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 1 जून से धीरे-धीरे कोरोना कर्फ्यू हटाने के संकेत देने के बाद गृह विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और सभी कलेक्टरों से कहा है कि वे स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से कार्ययोजना बनाकर दें कि किस तरह अनलॉक करेंगे।
परिवहन सेवा पर प्रतिबंध 31 मई तक बढ़ाया
परिवहन विभाग ने छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट और राजस्थान व मध्य प्रदेश के बीच बस परिवहन सेवा पर प्रतिबंध 31 मई तक बढ़ा दिया है। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके आगे भी निर्णय सभी परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा।