कर्मचारियों की पेंशन योजना में 4 प्रतिशत अंशदान बढ़ाएगी मप्र सरकार

भोपाल. वर्ष 2005 के बाद भर्ती हुए अधिकारियों-कर्मचारियों की पेंशन योजना में सरकार अपना अंशदान बढ़ाएगी। राष्ट्रीय पेंशन योजना में अभी सरकार 10 प्रतिशत अंशदान देती है इसे बढ़ाकर केंद्रीय कर्मचारियों की तरह 14 प्रतिशत किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इस फैसले से 4 लाख से ज्यादा कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
शिवराज सरकार ने वर्ष 2021-22 के बजट से पहले राष्ट्रीय पेंशन योजना में अपना अंशदान 4 प्रतिशत बढ़ाने की सैद्धांतिक सहमति दे दी थी। अंतिम निर्णय कैबिनेट में होना है, वहीं वित्त विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों को पहले से 14 प्रतिशत अंशदान का लाभ मिल रहा है। इसे अब राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी लागू किया जाएगा।