कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह का कोरोना से निधन, ग्वालियर के हॉस्पिटल से छुट्टी के बाद पॉजिटिव हुए थे

पृथ्वीपुर से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर का कोरोना से निधन हो गया है। दमोह उपचुनाव में प्रचार के दौरान वह संक्रमित हुए थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें झांसी से एयरलिफ्ट कर भोपाल लाया गया था। यहां चिरायु हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर बृजेंद्र सिंह राठौर के निधन पर शोक जताया है।

बता दें कि उन्हें ग्वालियर के हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई इसके बाद 24 अप्रैल को फिर विधायक की हालत खराब हुई और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी इस पर उन्होंने झांसी आकर जांच करवायी। इसमें वह फिर से कोरोना पॉजिटिव निकले और उन्हें 25 अप्रैल को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से भोपाल के चिरायु अस्पताल पहुंचाया गया था। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

पृथ्वीपुर विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर 15 अप्रैल को दमोह में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद जब वापस आए तो उन्हें अपना स्वास्थ्य सही नजर नहीं आया और उन्होंने निवाड़ी में अपनी कोरोना जांच करवायी तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई इसके बाद उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर भेज दिया गया था और कुछ दिन उपचार के बाद जब उनकी दूसरी जांच की गई तो वह कोरोना नेगेटिव पाए गए।