मप्र में कोरोना को लेकर थोड़ी राहत, दूसरी लहर में पहली बार एक्टिव केस 696 कम हुए
मध्य प्रदेश में कोरोना के 12762 नए केस मिले है, पिछले 24 घंटे में 95 मौतें भी हुई है लेकिन थोड़ी राहत पहुंचाने वाली खबर यह है कि कोरोना की दूसरी लहर में पहली बार एक्टिव केस 696 कम हुए है। मार्च और अप्रैल महीने में अभी तक एक्टिव केस में हर दिन इजाफा हुआ लेकिन मंगलवार की तुलना में बुधवार को इसमें कमी आई है। पॉजिटिविटी रेट दूसरे दिन भी मामूली वृद्धि के साथ 21 प्रतिशत पर स्थिर है।
स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक लगातार दूसरे दिन नए संक्रमितों की तुलना में स्वास्थ्य होने वाले की संख्या ज्यादा है। 28 अप्रैल को 13363 मरीजों ने कोरोना को मात दी। यही वजह है कि प्रदेश में कोरोना का रिकवरी रेट 82 प्रतिशत से ज्यादा हो गया है। प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 लाख 50 हजार 927 हो गई है जबकि स्वस्थ्य होने वालों का आंकड़ा 4 लाख 53 हजार 331 पहुंच गया है।
8 जिलों में ज्यादा संक्रमण
स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि प्रदेश के 8 जिलों- शाजापुर, पन्ना, आगर मालवा, उमरिया, कटनी, राजगढ़, गुना और अनूपपुर में संक्रमण की दर पिछले दो दिन में घटी है। वहीं 7 अन्य छोटे जिले- टीकमगढ़, दतिया शिवपुरी, सिंगरौली, विदिशा, दमोह और नीमच में संक्रमण की दर 30 प्रतिशत से भी ज्यादा हो गई है। सरकार के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि संक्रमण गांव-कस्बों में तेजी से बढ़ रहा है।