मोदी सरकार के कहने पर पूरे मप्र में 10 मई तक का लॉकडाउन बढ़ाने की तैयारी

मध्य प्रदेश में लॉकडाउन 10 मई की सुबह 6 बजे तक बढ़ाया जाएगा, यह लगभग तय हो गया है। अलग-अलग जिलों में संक्रमण की ताजा स्थिति देखते हुए राज्य सरकार को ये फैसला लेना पड़ रहा है। शुरूआत होशंगाबाद, उज्जैन से हो भी गई है। राज्य सरकार यह निर्णय केंद्र सरकार के निर्देश पर ले रही है।

केंद्रीय गृह सचिव अनिल कुमार भल्ला ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस को 26 अप्रैल को पत्र लिखा इसमें कहा गया कि जिन जिलों में संक्रमण दर औसतन 10 प्रतिशत से ज्यादा है वहां जनता कर्फ्यू अगले 10 दिन और बढ़ा दें इसके बाद सरकार इसकी तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कोर ग्रुप की बैठक में इसके संकेत भी दे दिए है।

संभावना जताई जा रही है कि सरकार 7 मई तक जिलेवार लॉकडाउन बढ़ाने के ऑर्डर जारी कराएगी। चूंकि 8 और 9 मई को शनिवार-रविवार है दो दिन का वीकेंड लॉकडाउन संबंधी स्टैंडिंग ऑर्डर पहले से ही लागू है। इस तरह माना जा रहा है कि 10 मई की सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी जिलों में सबकुछ बंद रहेगा। जिलों में वहां के हालात को देखते हुए क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी रियायतें और पाबंदी में बदलाव करेंगी।