बिजली विभाग में सफल आयुक्त रहने के बाद आकाश त्रिपाठी स्वास्थ्य आयुक्त पर जिम्मेदारी सौंपी
कोरोना महामारी के आकलन में विफल रहे संजय गोयल को स्वास्थ्य आयुक्त पद से हटाया
भोपाल. कोरोना महामारी की दूसरी लहर में प्रदेशवासी स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे है। समय रहते महामारी का आकलन करने और उससे निपटने के आवश्यक इंतजाम नहीं करने से दिक्कतें बढ़ गई है। इसी लापरवाही के चलते सरकार ने उन अधिकारियों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है जिन्होंने अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया। सोमवार को सरकार ने स्वास्थ्य आयुक्त और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल को इस जिम्मेदारी से हटा दिया है और उनकी जगह आकाश त्रिपाठी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. गोयल को मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है वहीं अभी तक त्रिपाठी मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड, जबलपुर में प्रबंध संचालक और ऊर्जा विभाग के सचिव थे और उनके पास पूर्व की जिम्मेदारी बतौर अतिरिक्त प्रभार रहेगी।
बता दें कि स्वास्थ्य आयुक्त होने के नाते डॉ. गोयल के पास महामारी की दूसरी लहर से निपटने के इंतजाम करने का पर्याप्त समय था लेकिन वे नाकाम रहे। अस्पतालों में बिस्तर, इंजेक्शन और आक्सीजन की उपलब्धता का निर्णय समय रहते किया जाना था अब जबकि प्रदेश में संक्रमण दर काफी ज्यादा हो गई है तब इनके इंतजाम के लिए आपाधापी मची है।