खुला नौकरियों का पिटारा, 6350 पुलिस आरक्षकों की होगी भर्ती

भोपाल। चुनावी साल में शिवराज कैबिनेट ने प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में मध्यप्रदेश पुलिस के लिए 6350 आरक्षक के पदों को मंजूरी दी गयी है। साथ ही छतरपुर और सिवनी के लिए मेडिकल कॉलेज खुलने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
बैठक में जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि दो जिलों छतरपुर और सिवनी में मेडिकल कॉलेज के लिए मंजूरी दी गयी है। वहीं स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई इंदौर में खोला जाएगा, जिसके लिए 102 नए पदों को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट में भाषायी पदों पर 286 संविदा शाला शिक्षक पदों की भर्ती का भी फैसला लिया गया है। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्रों में किसान बाजार बनाने की डेढ़ साल पुरानी योजना को भी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
वहीं सीएम शिवराजसिंह ने मंत्रियों से कहा कि बीमारू राज्य से विकासशील, विकासशील से विकसित और विकसित से समृद्ध प्रदेश बनाने की पहल करें। सभी मंत्री 10 अगस्त तक विभागों की योजनाओं का प्रस्तुतिकरण करेंगे। इसमें योजनाओं की जानकारी के साथ उनके क्रियान्वयन और उनकी उपलब्धियों की जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही हर मंत्री अपने विभाग का अगले 5 साल के विकास के रोडमैप भी पेश करें।