सुबह 4 घंटे 5 डिग्री पर ठहरा रहा पारा, सूरज गर्माया तो 3 घंटे में 14 डिग्री बढ़ा तापमान

उत्तर से आने वाली बर्फीली हवा का सबसे अधिक असर बुधवार को सुबह 5 बजे से लेकर 9 बजे के बीच देखने को मिला। इस दौरान करीब 5 डिग्री सेल्सियस के बीच पारा ठहरा रहा। इस तरह की ठंड ने लोगों को कंपा दिया। सुबह 8:30 से 11:30 बजे के बीच सूरज गर्माया तो इन तीन घंटे के बीच पारा 14 डिग्री सेल्सियस चढ़कर 18.8 डिग्री पर पहुंच गया। फिर भी बर्फीली हवा दिनभर लोगों को चुभती रहीं।

वहीं शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे के बीच सर्द हवा चलने के कारण फिर इन तीन घंटों में पारा 7.8 डिग्री लुढ़क गया। इससे फिर कड़ाके की ठंड का असर बढ़ गया। शाम 5:30 बजे 18.6 डिग्री तो रात 8:30 बजे 10.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बर्फीली हवा का असर गुरुवार को भी रहेगा। इससे मकर संक्रांति कड़ाके की सर्दी के बीच ही मनेगी।

बर्फीली हवा ने बढ़ाई ठंड, रात का पारा सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे पहुंचा

दो दिन पहले तक रात का पारा सामान्य से ऊपर चल रहा था। लेकिन उत्तर से आने वाली बर्फीली हवा ने कड़ाके की ठंड बढ़ा दी। इससे रात का पारा बुधवार को सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे पहुंच गया। ऐसी सर्दी से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 23.5 डिग्री दर्ज किया गया।

यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री गिरावट के साथ 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। सुबह की आर्द्रता 90 फीसदी रही। यह सामान्य से 15 फीसदी अधिक रही। जबकि शाम की आर्द्रता 45 फीसदी रही।