लोकायुक्त, जेल डीजी के लिए विजय यादव, पवन जैन, अरूणा मोहन व अरविंद कुमार अफसरों पर विचार

भोपाल. लोकायुक्त और जेल डीजी के इस महीने रिटायर होने के चलते इन दोनों पदों को किस अफसर को बैठाया जाए इस पर विचार तेज हो गया है। इन दो बड़े और जिम्मेदार पदों के लिए पुलिस के चार अफसरों के नाम पर मंथन किया जा रहा है। 31 जनवरी को यहां पर नए डीजी को पदस्थ किया जाएगा। वर्ष 1984 बैच के डीजी जेल संजय चौधरी और वर्ष 1986 डीजी लोकायुक्त संजय राणा 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे है। इन दोनों अफसरों के रिटायर होने पर ईओडब्ल्यू के प्रभारी डीजी राजीव टंडन और जेल एडीजी सुधीर साही डीजी के पद पर पदोन्नत होंगे।

राजीव टंडन को ईओडब्ल्यू में ही रखा जाना तय

जानकारी के अनुसार यह लगभग तय है कि राजीव टंडन को ईओडब्ल्यू में ही रखा जाएगा वे अभी प्रभारी डीजी है। पदोन्नति होने के बाद वे डीजी हो जाएंगे। ईओडब्ल्यू में कुछ महत्वपूर्ण जांच उनके निर्देशन में चल रही है इसलिए उन्हें फिलहाल यहां से दूसरी जगह पर उनकी पदस्थापना राज्य शासन नहीं करना चाहता है। ऐसे में वे यहीं पर पदोन्नत होने के बाद रहेंगे। वहीं जेल एडीजी सुधी साही को पदोन्नति के बाद जेल मुख्यालय की जहग पर किसी अन्य जगह पर पदस्थ किया जा सकता है। उन्हें जेल अफसर की जगह पर भेजा जाएगा संभवता उस अफसर को लोकायुक्त डीजी या जेल डीजी की कमान दी जा सकती है।

इन चारों अफसरों में से ही लोकायुक्त डीजी व जेल डीजी का पद दिया जा सकता है

जानकारों की अनुसार स्पेशल डीजी अभियोजन विजय यादव, खेल संचालक पवन जैन, स्पेशल डीजी प्रशिक्षण अरूणा मोहन राव और स्पेशल डीजी रेल अरविंद कुमार के नाम पर विचार चल रहा है। इन चारों अफसरों में से ही लोकायुक्त डीजी और जेल डीजी का पद दिया जा सकता है।