रोक के कारण अब फिर से बनेगी वोटर लिस्ट,1 जनवरी 2021 के आधार पर तैयार की जाएगी

स्थानीय निकाय चुनाव पर तीन महीने की रोक के बाद अब सभी साताें निकायों में वोटर लिस्ट का काम दोबारा होगा। चुनाव आगे टालने के पीछे मुख्य वजह निकायों में ईवीएम की कमी को माना जा रहा है। मौजूदा वोटर लिस्ट 1 जनवरी 2020 की स्थिति में है जबकि अब जो वोटर लिस्ट बनेगी, वह 1 जनवरी 2021 के आधार पर तैयार की जाएगी।
स्थानीय निर्वाचन के जिला कार्यालय के मुताबिक, ग्वालियर में अभी कुल 1420 ईवीएम चुनाव के लिए उपलब्ध थीं। दूसरी तरफ सभी सात निकायों में जरूरत 1700 मशीनों की थी। ऐसी स्थिति कोविड के कारण मतदान केंद्र छोटे होने के कारण बनी है। यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों का था। चूंकि ईवीएम की तैयारी में वक्त लगता है। चुनाव तीन महीने आगे टलने का मुख्य कारण अधिकारी इसी को मान रहे हैं। वर्तमान में 5 सितंबर को तैयार नगर निगम की वोटर लिस्ट में 10 लाख 54 हजार 394 वोटर हैं।
इसे विधानसभा की लिस्ट के आधार पर तैयार किया गया है। चूंकि 24 दिसंबर तक विधानसभाओं में पुनरीक्षण का काम चला है और इस दौरान 25 हजार नए आवेदन आए हैं, इसी कारण अब फिर वोटर लिस्ट में संशोधन होगा। निगम चुनाव के लिए अगला अभियान जल्द चलेगा। इस दौरान एक बार फिर वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने की प्रक्रिया होगी। अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम जल्द आने की उम्मीद है।