भिंड जिले में ज्यादा हथियार, वहां के मेहगांव से भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के पास बंदूक नहीं; महिला उम्मीदवारों में सिर्फ इमरती रखती हैं रिवॉल्वर

उपचुनाव वाली प्रदेश की 28 विस सीटों में ग्वालियर-चंबल संभाग के सात जिलाें की 16 सीट भी शामिल हैं। इन 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों में से सुमावली विस से कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह के खिलाफ सबसे ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनके खिलाफ छोटे-बड़े 11 केस दर्ज हैं। इनमें 6 केस जमीन संबंधी धोखाधड़ी के हैं जबकि हत्या के प्रयास का भी एक केस दर्ज है। यह सभी केस न्यायालय में विचाराधीन हैं। इनके बाद सबसे ज्यादा सात केस ग्वालियर सीट से भाजपा के उम्मीदवार मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के खिलाफ दर्ज हैं।
उधर सभी 28 विधानसभा सीटों पर नजर डालें तो दोनों प्रमुख दलों से चार महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें से सिर्फ डबरा से भाजपा की प्रत्याशी मंत्री इमरती देवी के पास ही रिवॉल्वर है। लेकिन जिस भिंड जिले में 22 हजार से अधिक लाइसेंसी हथियार हैं, उस जिले की मेहगांव विस सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी ओपीएस भदाैरिया और कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे के पास बंदूक नहीं है। जानकारी खुद प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म के साथ दिए शपथ पत्र में दी है।
प्रमुख दलों के तीन प्रत्याशियों के पास तीन-तीन हथियार
ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस उम्मीदवार सतीश सिंह सिकरवार, जौरा से भाजपा प्रत्याशी सूबेदार सिंह रजौधा और भांडेर से कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह बरैया के पास तीन-तीन हथियार हैं। सुमावली से भाजपा प्रत्याशी ऐदल सिंह, अंबाह से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यप्रकाश सखवार, गोहद से कांग्रेस प्रत्याशी रणवीर जाटव, ग्वालियर से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर व कांग्रेस के सुनील शर्मा के पास दो-दो हथियार हैं।
रणवीर चेक बाउंस के आरोपी, सुनील पर 5 केस
गोहद से भाजपा उम्मीदवार रणवीर जाटव चेक बाउंस मामले में आरोपी हैं। यहीं से कांग्रेस उम्मीदवार मेवाराम पर मारपीट का केस दर्ज है। मेहगांव से कांग्रेस के उम्मीदवार हेमंत कटारे के खिलाफ 3 केस दर्ज हैं, इनमें आईपीसी की धारा 376 (1) व 376 (2) के तहत भी एक केस है।
ग्वालियर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुनील शर्मा के खिलाफ 5 केस दर्ज हैं। इनमें तीन खनिज अधिनियम के तहत हैं। बता दें कि वे स्टोन क्रेशर के संचालक भी हैं। सुमावली से भाजपा प्रत्याशी ऐदल सिंह पर सरकारी काम में बाधा डालने का केस है। दिमनी से भाजपा के उम्मीदवार गिर्राज डंडौतिया पर चक्काजाम आंदोलन से संबंधित 4 केस दर्ज हैं।