मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के बेटे सहित 6 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए

मुरैना. प्रदेश सरकार के मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू कंसाना सहित रेत माफिया के 6 लोगों के खिलाफ राजस्थान के धौलपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए है। आरोपितों ने अक्टूबर 2019 में रेत ट्रॉली पकड़ने पर पुलिस पर हमला किया था।

ऐदल सिंह सुमावली से विधायक है और बंकू कंसाना इनके बेटे है, अन्य आरोपितों में नरेश पुत्र सुल्तान, उम्मेद पुत्र निहाल, रामराज पुत्र रामनिवास, कृष्णा पुत्र सुल्तान और छोटा शामिल है। जानकारी के अनुसार मप्र की सीमा से सटे राजस्थान के धौलपुर में 8 अक्टूबर 2019 की देर रात गश्त कर रहे बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों का अपहरण और बेरहमी से मारपीट करने के मामले में सुमावली विधायक एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू का नाम सामने आया था। आरोप था कि सुमावली विधायक कंसाना के पुत्र बंकू के इशारे पर आरोपितों ने दोनों जवानों से बेरहमी से मारपीट की थी। देर रात को होश आने के बाद दोनों पुलिसकर्मी कुछ ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचे थे।

एसपी धौलपुर केशर सिंह शेखावत के अनुसार सभी आरोपित मध्य प्रदेश में रेत के अवैध परिवहन करने में संलिप्त पाए गए थे। कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट मिलते ही उन्होंने गिरफ्तारी के लिए मुरैना में पुलिस टीम भेज दी हालांकि मुरैना पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।