ग्वालियर में प्रदेश का सबसे ठंडा दिन, पारा 22.9 डिग्री, नवंबर में 11 साल बाद सबसे कम

मौसम में आए बदलाव से मंगलवार को ग्वालियर में प्रदेश का सबसे ठंडा दिन रहा। शहर में सीजन का पहला घना कोहरा भी छाया रहा। अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री रहा, जो प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों से कम है। इससे पहले 13 नवंबर 2009 को यानी 11 साल पहले दिन का पारा 19.6 डिग्री रहा था। इसके चलते बाहरी क्षेत्र में सुबह 7 से 9 बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक और बाकी समय एक से दो किमी तक रही। सड़कों पर इसका असर दिखा। पिछले साल घने कोहरे की शुरुआत 7 दिसंबर से हुई थी।

इस बार सर्दी ने 17 दिन पहले दस्तक दे दी तो कोहरा भी पहले से छा गया। इस साल ठंड और कोहरे के दिन ज्यादा रहने की संभावना है। उधर अंचल में भिंड, मुरैना और शिवपुरी में सुबह बादल छाए रहे।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अंचल में बादलों का डेरा रहेगा। 26 नवंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा इस कारण अभी रात के तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। -वेद प्रकाश सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक