अब भाजपा में मंथन व परिवर्तन का दौर

तमाम संसाधनों, धन, बाहुबल का भरपूर उपयोग करने के बाद भी मुंगावली और कोलारस उपचुनाव की हार के बाद भाजपा में जल्दी ही मंथन का दौर शुरू हो सकता है। भाजपा आलाकमान इस चिंता में है कि चुनावी वर्ष में सत्तारूढ़ पार्टी धड़ाधड़ उपचुनाव हार रही है, क्या मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उनकी टीम का जादू कम हो रहा है।
हालांकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उनके मंत्रीमंडलीय सहयोगियों ने मुंगावली और कोलारस में जमकर काम किया। कार्यकर्ताओं का मन जीतने की कोशिश भी की, लेकिन वर्षों से उपेक्षित कार्यकर्ता ऐनवक्त पर बातों में नहीं आया है और परिणाम सामने हैं। अब भाजपा में जल्दी ही परिवर्तन का दौर शुरू होने की संभावना है। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर कई पदाधिकारियों पर संगठन की तलवार चलेगी। पार्टी के सूत्रों का कहना है कि हमें बतोला अध्यक्ष नहीं काम करने वाला अध्यक्ष चाहिये।