कल कराई रेप की रिपोर्ट, आज ससुर फांसी पर लटका मिला

ग्वालियर। महिला ने कल शाम को ससुर के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आज सुबह ससुर अपने घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। ठाटीपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ठाटीपुर थाना पुलिस के मुताबिक न्यू जीवाजी नगर में रमेश रजक उमग 55 अपने परिवार के साथ रहता है। बीती शाम को उनकी बहू रीना (परिवर्तित नाम) अपने मायके वालों के साथ ठाटीपुर थाने पहुंची। रीना ने बताया कि उसके ससुर रमेश रजक उसके साथ काफी समय से धौंस देकर शारीरिक संबंध बनाए हुए हैं। जब वह उन्हें मना करती है तो वह उसे जान से मारने की धमकी देते हंै। रीना ने बताया कि यह परेशानी उन्होंने अपने पति व परिवार के अन्य लोगों को भी बताई तो उन्होंने उल्टा उसे मारपीट कर के बंधक बना लिया। उसे घर से बाहर निकलने नहीं दे रहे थे। पुलिस ने रीना की शिकायत पर रमेश के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया। वहीं पति व देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद आज सुबह पांच बजे पुलिस को रमेश के परिजनों ने बताया कि उसने कमरे में फांसी लगा ली है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की पड़ताल की और शव को पीएम के लिए जेएएच भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि रमेश के परिवार वालो ने रीना की गुमशुदगी थाने में दर्ज करा दी थी। उनका कहना था कि बहू बिना बताए घर से लापता है। पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर पड़ताल शुरु कर दी थी। परिजनों का कहना है कि वह मायके में छुपी हुई थी। बताया गया है कि महिला के पति के बेरोजगार होने से घर में आए दिन विवाद की स्थिति बनती थी। मृतक के बारे में पता चला है कि वह हाईकोर्ट में चपरासी था। उसके परिवार में वह अकेला ही कमाने वाला था। उसका विवाहित बेटा कोई काम धंधा नही करता था। यही उनके परिवार में कलह की वजह थी। टीआई ठाटीपुर रविन्द्र सिंह गुर्जर का कहना है कि महिला कल थाने आई थी। उसकी शिकायत पर रेप का मामला दर्ज कराया था। आज सुबह मामले में आरोपी ससुर की लाश घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली है।