इन 62 पुलिस अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक

प्रदेश के 22 आईपीएस और 34 एसपीएस अफसरों समेत 62 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए मंत्रालय में हुई बैठक में अधिकारियों के नाम तय कर लिए गए है। इन अधिकारियों के नामों के प्रस्ताव अब केन्द्र सरकार को भेजे जाएंगे।
राज्य के भारतीय पुलिस सेवा और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के अधिकारियों को विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से नवाजे जाने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार की गई सूची पर मंत्रालय में मंथन किया गया। इस मंथन के दौरान प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला, एडीजी एडमिन अनुराधा शंकर सिंह मौजूद थे। लगभग सौ से अधिक अफसरों के नामों पर विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक देने के लिए प्रस्तावित करने विचार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक जिन अफसरों के नामों को राष्ट्रपति पदक के लिए प्रस्तावित किए जाने पर अंतिम रूप से सहमति बन गई है उनमें एडीजी भौरी सुशोभन बैनर्जी, एडीजी मानव अधिकार सुषमा सिंह, एडीजी प्रबंधन वीके माहेश्वरी, गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह के ओएसडी विजय कटारिया के अलावा साकेत कुमार, प्रदीप बुधोलिया सहित कुल 62 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम तय किए गए है। मंत्रालय में एक घंटे से अधिक चले मंथन के बाद ये नाम शार्टलिस्ट किए गए है। यह प्रस्ताव जल्द ही केन्द्र को भेजा जाएगा। वहां से नाम अंतिम रूप से फाइनल होंगे।