हाथ से निकला कर्नाटक, कमल खिला पर बहुमत में पेंच

कर्नाटक विधानसभा की 224 में से 222 सीटों पर हुए चुनावों के रुझानों में भाजपा 104 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 78, जेडीएस को 38 और अन्य 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के शुरुआती आधे घंटे में कांग्रेस ने बढ़त बनाई। इसके बाद एक घंटे तक उसकी भाजपा से कड़ी टक्कर देखने को मिली। लेकिन साढ़े नौ बजे के बाद भाजपा आगे निकलकर बहुमत तक पहुंच गई।
राज्य में भाजपा से ज्यादा वोट शेयर हासिल करने के बाद भी कांग्रेस उसे शिकस्त नहीं दे पाई। कर्नाटक हारने के बाद कांग्रेस की सरकार पंजाब, मिजोरम और पुडुचेरी में बची है। वहीं, भाजपा अब 31 राज्यों में से 21 में सत्ता में पहुंची है। कर्नाटक में 12 मई को 224 सीटों में से 222 पर एक फेज में चुनाव हुए थे। राज्य के गठन के 46 साल बाद इस बार सबसे ज्यादा 72.13% वोटिंग हुई। 2008 (65.1%) के मुकाबले 2013 (71.45%) में करीब 6% वोटिंग ज्यादा हुई थी। तब सरकार बदल गई थी और भाजपा ने पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। इस बार भी ऐसा ही हुआ। कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई।