अमित शाह की यात्रा को लेकर भोपाल में हलचल, इस दिन आयेंगे

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 4 मई, शनिवार को भोपाल प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में युवा मोर्चा के चलो पंचायत अभियान की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जायेगी। इस अभियान के तहत 14 मई को मध्यप्रदेश की 23006 पंचायतों तक भाजपा के राष्ट्रीय तथा प्रदेश स्तर के नेतागण प्रत्येक पंचायत तक पहुँचकर बैठकें करेंगे। इन बैठकों में युवा मोर्चा द्वारा गठित स्पेशल 11 के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान आयोजित विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी, मोर्चो के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह संयोजक, जिला सहकारी बैकों के अध्यक्ष, निगम मंडल प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, निगम, मंडी बोर्ड के संचालक, मंडलों के प्रवासी कार्यकर्ता, प्रकल्प एवं विभागों के प्रदेश संयोजक, पूर्णकालिक कार्यकर्ता, 2013 के विधायक प्रत्याशी, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, महापौर एवं नगर निगम के अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।
विस्तृत कार्यसमिति बैठक से पूर्व प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जायेगी। जिसमें भाजपा मध्यप्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की नियुक्ति का अनुमोदन किया जायेगा। इस दौरान प्रदेश चुनाव प्रबंध समिति आदि की बैठकें भी होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 4 मई, शनिवार को प्रातः भोपाल पहुंचेगे और सायंकाल नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं के भीतर राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर अपार उत्साह है और पूरी पार्टी उनके आगमन की तैयारियों में जुट गयी है।