ग्वालियर में 10 साल बाद लौटेगा भव्य नजारा: हवा में उड़ते दिखेंगे हनुमान जी, वृंदावन की मंडली करेगी प्रस्तुति
ग्वालियर. ऐतिहासिक फूलबाग मैदान में 10 अक्टूबर से 12 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव शुरू होगा। इसमें रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस बार 10 साल बाद दर्शक हनुमान जी को मंच के ऊपर हवा में उड़ते देख सकेंगे। इसके लिए विशेष एरियल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजन के लिए दो विशाल मंच तैयार किए जा रहे हैं। महोत्सव का समापन 21 अक्टूबर को शहर के प्रमुख मार्गों से निकलने वाली शोभायात्रा के साथ होगा।
शुक्रवार शाम 6 बजे भव्य सुंदरकांड पाठ होगा
मुख्य मंचन से पहले शुक्रवार शाम 6 बजे भव्य सुंदरकांड पाठ होगा। इससे महोत्सव की शुरुआत होगी। 10 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम को रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें प्रभु श्रीराम का बाल्यकाल, सीता स्वयंवर, वनवास, केवट संवाद, लंका दहन और राम-रावण युद्ध जैसे प्रसंग दिखाए जाएंगे।
फूलबाग मैदान में दो मंच बनाए जा रहे
आयोजन के लिए फूलबाग मैदान में दो मंच बनाए जा रहे हैं। मुख्य मंच 60×100 वर्ग फीट का होगा। इस पर भव्य सेट तैयार किए हैं। इसके अलावा 4,000 वर्ग फीट का दूसरा मंच भी बनाया जा रहा है। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। रामलीला के लिए वृंदावन से कलाकारों की टीम ग्वालियर पहुंच रही है। गुरुवार सुबह टीम के पहुंचने के बाद मंच पर रिहर्सल और तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मंच पर जल-संरचना के जरिए होगा केवट संवाद
इस बार श्रीराम और केवट के बीच का भावुक प्रसंग जल-संरचना के जरिए मुख्य मंच पर ही दिखाया जाएगा। वहीं, 10 साल के अंतराल के बाद हनुमान जी को हवा में उड़ते हुए दिखाने की तैयारी है। रामलीला के आयोजक रामनारायण मिश्र ने बताया कि आयोजन के लिए दो मंच तैयार किए जा रहे हैं। 10 साल बाद हनुमान जी उड़ान भरते हुए दर्शकों को रोमांचित करेंगे। सुरक्षा और सुविधा के पूरे इंतजाम किए गए हैं।