डबरा के चांदपुर में अवैध मिट्टी उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, LNT मशीन जब्त

परमिशन किसी और स्थान की, दूसरे नंबर पर चल रहा था मिट्टी का उत्खनन; कलेक्टर की सूचना पर प्रशासन की छापामार कार्रवाई
डबरा। डबरा तहसील के चांदपुर क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौके से एक LNT मशीन जब्त की है। कार्रवाई कलेक्टर रुचिका चौहान की सूचना पर एसडीएम नवकिरण कौर के निर्देश पर तहसीलदार द्वारा की गई।
प्रशासनिक टीम जब मौके पर पहुंची तो मिट्टी के उत्खनन का काम किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्खनन की अनुमति किसी अन्य स्थान के लिए बताई गई थी, जबकि मौके पर किसी दूसरे नंबर/स्थान पर उत्खनन किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके पर चल रही गतिविधि को रुकवाते हुए मशीन को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि डबरा क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर मिट्टी के अवैध उत्खनन का खेल चलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। चांदपुर में हुई कार्रवाई के बाद अब अन्य स्थानों पर भी प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, कार्रवाई के दौरान तहसीलदार द्वारा ग्रामीणों को वीडियो बनाने से रोकने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर हो रही कार्रवाई को रिकॉर्ड करने से उन्हें रोका गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है।
फिलहाल LNT मशीन को जब्त कर लिया गया है और मामले में अनुमति, खसरा नंबर तथा मौके पर किए जा रहे उत्खनन की वैधता की जांच की जा रही है। जांच के बाद संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।