सिंहस्थ: 2028 के लिए मिल रहा जनसहयोग दुनिया के लिए उत्कृष्ट उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पवित्र नगरों में एक है। हर काल में उज्जैन की आभा, कीर्ति और प्रसिद्धि युगों-युगों तक रही है। उज्जैन पर बाबा महाकाल की विशेष कृपा है। पृथ्वी पर जन्म से लेकर मृत्यु तक सबका समय नियत है, लेकिन प्रत्येक प्राणी के लिए काल का निर्धारण बाबा महाकाल ने किया है। काल की नगरी, गौरव की नगरी उज्जैन अपने गौरव को पुन: प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी के महाकालेश्वर मंदिर से राम घाट पहुंचने के पश्चात प्रसारण कक्ष से संबोधित किया।
दत्ता अखाड़ा से रामघाट नाव से पहुंचे मुख्यमंत्री
भगवान महाकालेश्वर की पंचम सवारी सोमवार को हर्षोल्लास से नियत समय पर महाकालेश्वर मंदिर से निकाली गई। सवारी के रामघाट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पालकी में विराजित भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधि विधान से पूजा-अर्चना की। पुजारी पं. आशीष शर्मा ने पालकी में विराजित चंद्रमौलेश्वर का माँ शिप्रा के जल से जलाभिषेक करवाया। महाकालेश्वर की सवारी के रामघाट पर पंहुचने पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
सवारी के रामघाट पहुंचने के समय मुख्यमंत्री डॉ. यादव दत्त अखाडा साइड से नाव में सवार हो कर रामघाट पहुँचे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, उज्जैन उत्तर विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा, बडनगर विधायक श्री जितेंद्र उदय सिंह पंड्या, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री संजय अग्रवाल सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।