जिला न्यायालय में आरोपियों की पेशी के बीच जमकर हुआ हंगामा, पथराव, मारपीट के केस में गिरफ्तार आरापियों को पेश करने लायी पुलिस तो वकीलों ने घेरा

ग्वालियर. बुधवार की शाम जिला एवं सत्र न्यायालय कैम्पस में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गयी। दरअसल, पुलिस जब मारपीट और पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने लायी तभी पेशी के बीच फरियादी वकील और आरोपी आमने-सामने आ गये। जिसके बाद तीखी बहस शुरू हो गयी और मारपीट की स्थिति तक पहुंच गयी। हंगामे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में एकत्रित हो गये। आरोपियों को घेर लिया। उन्हें न्यायालय परिसर में बाहर नहीं निकलने दिया जा रहाथा। हालात खराब होते देख शहर के 4-5 थानों से अतिरिक्त पुलिस बल न्यायालय बुलाया गया।
इधर बार एसोसियेशन के अध्यक्ष पवन पाठक भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं एसडीएम अतुल सिंह ने भी स्थिति संभालने के लिये न्यायालय परिसर का जायजा लिया भारी सुरक्षा व्यवस्था के दौरान पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को बाहर निकाला। हालांकि इसके बावजूद वकीलों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

शहर के माधौगंज थाना स्थित जामदार रखाना दर्जी ओली निवासी 36 वर्षीय अक्षिता सिंह पत्नी मनीष वकील हैं। उनका संपत्ति को लेकर पड़ोसी नीरज उर्फ नवीन शर्मा, धीरज शर्मा, सूरज शर्मा व हेमा शर्मा से विवाद चल रहा है। मंगलवार रात 8.30 बजे अक्षिता के घर पर इन सभी ने पथराव कर दिया। जिसमें उनका कर्मचारी व परिवार के लोग घायल हो गए थे। मामले की शिकायत उन्होंने माधौगंज थाना में की थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने हमला करने वाले आरोपी धीरज शर्मा व नीरज उर्फ नवीन को गिरफ्तार कर लिया था। इनको बुधवार को कोर्ट लेकर पहुंचे थे तभी यह विवाद हो गया।
न्यायालय में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गयी, माधौगंज थाना पुलिस मारपीट और पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपी धीरज शर्मा और नीरज शर्मा को न्यायिक पेशी के लिये न्यायालय लेकर पहुंची। न्यायालय पहुंचते ही इस मामले की फरियादी वकील अक्षिता सिंह अपने पति मनीष और 7-8 अन्य वकीलों के साथ वहां आ गयी। न्यायालय परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गये। वकीलों की मांग थी कि आरोपियों को उनके हवाले किया जाये। जबकि पुलिस ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते-देखते हंगामे व झाूमाझटकी की स्थिति बन गयी।
ळालात बिगड़ने पर न्यायालय के दरवाजे बन्द कर सभी को बाहर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही आसपास के कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। स्वयं एएसपी अनु बेनीवाल और एसडीएम अतुल सिंह भी न्यायालय परिसर में पहुंचे। इस बीच लगभग आधा सैकड़ा से ज्यादा वकील वहां जमा हो गये। जब पुलिस न्यायालय पेशी केबाद आरोपियों को बाहर निकाल रही थी। उसी वक्त वकीलों और आरोपियों केबीच फिर से झूमाझटकी हो गयी। जानकारी यह भी सामने आयी है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी मारपीट हुई है।