दिल्ली में मामूली कहासुनी पर अटेंडेंट ने महिला डॉक्टर के साथ की मारपीट, दबाया गला और फाड़े कपड़े

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर डॉक्टरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दिल्ली के रोहिणी स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर ने मरीज के तीमारदारों (Attendants) पर मारपीट का आरोप लगाया है। यह घटना सोमवार दोपहर 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किसी बात पर हुई कहासुनी के बाद महिला डॉक्टर के साथ अटेंडेंट ने मारपीट की। लेकिन हैरान कर देने वाली बात ये है कि अभी तक इन महिलाओं के खिलाफ न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही कोई गिरफ्तारी की गई है।


कहासुनी के बाद डॉक्टर के साथ मारपीट
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक महिला मरीज के साथ तीन से चार महिलाएं स्त्री रोग विभाग (Women Gynecology Department) में आई। चेकअप के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद मरीज के साथ आई महिलाओं ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इन महिलाओं ने डॉक्टर का गला दबाया और उसके कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान महिलाओं ने डॉक्टर को नोचने की भी कोशिश की। डॉक्टर के शरीर पर नाखून के निशान भी मिले हैं।

इस घटना को देख जब दूसरी महिला डॉक्टर उन्हें बचाने आई तो अटेंडेंट ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला डॉक्टरों को ये भी आरोप है कि अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी ने भी उनकी मदद नहीं की। इस घटना के बाद आंबेडकर अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों के साथ मारपीट के इस मामले में महिलाओं के खिलाफ अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और न ही किसी महिला को गिरफ्तार किया गया है।

एक साल में डॉक्टर के साथ मारपीट की दूसरी घटना
बता दें कि इस अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। एक साल में हुई यह दूसरी घटना है। डॉक्टरों के साथ बढ़ती मारपीट की इन घटनाओं पर अस्पताल प्रशासन ने बैठक करने का निर्णय लिया है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ लापरवाह सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त करने की मांग की जा रही है। पुलिस की टीम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।