5 लोग जिंदा जले, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या, चीत्कारों से सहम गए लोग
जयपुर. राजधानी जयपुर में आज तड़के अजमेर रोड पर हुए सीएनजी गैस से भरे टैंकर में हुए भीषण ब्लास्ट के बाद कई वाहनों में लगी आग में पांच लोगों की जिंदा जल गए. हादसे में आठ से दस लोगों के जिंदा जल जाने की आशंका है. कई घायल जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं. दिल को दहला देने वाले इस हादसे में जले हुए 38 लोगों को सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया. भीषण हादसे की सूचना के बाद सीएम भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर घायलों से मिलने के लिए वहां पहुंचे हैं. घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
यह हादसा अजमेर रोड पर भांकरोटा पेट्रोल पंप के पास हुआ है. इस हादसे में करीब ढाई दर्जन अन्य वाहन आग की चपेट में आ गए. वे सभी वाहन भी जलकर खाक हो गए. हादसे के बाद अजमेर रोड़ पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर रेस्क्यू ऑपेरशन चलवा रहे हैं. जले हुए वाहनों में लोगों को तलाश जा रहा है. चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह एसएमएस अस्पताल में घायलों को इलाज पर निगरानी रखे हुए हैं.