संसद में मिले सिंधिया और राहुल गांधी, लोग बोले कुछ बड़ी खबर आने वाली है
नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को संविधान दिवस पर संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। इस दौरान सभी राज्यसभा और लोकसभा सदस्य संसद में एकजुट हुए। इस संयुक्त बैठक की एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। दरअसल, संसद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मुलाकात हुई। तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा- हाथ मिले पर जज़्बात न मिले। एक अन्य यूजर ने तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा- क्या कुछ पक रहा है। एक और यूजर ने तस्वीर के साथ लिखा- जल्द ही कुछ बड़ी खबर आने वाली है।
कभी बेहद करीबी हुआ करते थे सिंधिया और राहुल गांधी
एक वक्त था जब ज्योतिरादित्य सिंधिया राहुल गांधी के करीबी और पक्के दोस्त हुआ करते थे। मध्य प्रदेश में 2020 में हुए सियासी फेरबदल के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों के दरार आ गई। शुरुआत में कांग्रेस परिवार पर कुछ भी बोलने से बचने वाले सिंधिया अब खुलकर निशाना साधने लगे। वहीं राहुल गांधी भी कुछ दिनों पहले तक सिंधिया को निशाना बनाते रहे।