ग्वालियर से छत्तीसगढ़ जाने वाली नियमित ट्रेनें कैंसल, यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
ग्वालियर. नागपुर मंडल के कलमना स्टेशन पर राजनांदगांव-कलमना थर्ड लाइन नाॅन इंटरलाॅकिंग कार्य के चलते छत्तीसगढ़ जाने वाली ट्रेनों को रद करने के साथ ही परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इसके चलते यात्रियों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
गिनी-चुनी ट्रेनें ही जाती हैं छत्तीसगढ़
रेलवे ने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस को रद करने के साथ ही समता एक्सप्रेस के मार्ग में परिवर्तन किया है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्वालियर से होकर गिनी-चुनी ट्रेनें ही छत्तीसगढ़ जाती हैं, जिसके कारण अब यात्रियों को विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।
ऐसे समय ट्रेनों को कर दिया रद
सबसे बड़ी समस्या यह है कि रेलवे ने इन ट्रेनों को उस समय पर रद किया है, जिस समय पर अवकाश और त्योहार के दिन पड़ रहे हैं। 15 अगस्त के अवकाश के साथ ही लंबा वीकेंड है और लोग लंबी छुट्टियों के साथ ही 19 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन के त्योहार पर आवागमन की तैयारियां कर रहे थे।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का नियमित संचालन
इसी बीच रेलवे ने छत्तीसगढ़ से नियमित ग्वालियर और दिल्ली तक संचालित होने वाली ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों के सामने ज्यादा समस्या खड़ी हो गई है। ग्वालियर से छत्तीसगढ़ के लिए नियमित रूप से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का संचालन होता है।