पुलिस ने पूर्व सरपंच के घर डकैती डालने आये आकाश जादौन के 3 गुर्गे गिरफ्तार

ग्वालियर. दो दिन पूर्व पुलिस ने हत्या और लूट के शातिर बदमाश आकाश जादौन को शॉर्ट एनकाउंटर में घायल करने के बाद दबोच लिया गया था। इसी बदमाश की गैग के 5 मेम्बर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुरानी छावनी में एक पूर्व सरपंच के घर डकैती डालने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने बदमाशों को दबोच लिया। जिनमें से 3 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि 2 फरार हो गये। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अण्डर ब्रिज के नीचे की है। पुलिस को पकड़गे गये बदमाशों से एक कट्टा बका और लाठी मिली है। पकड़े गये बदमाशों से पूछताछ के साथ ही पुलिस की एक टीम फरार बदमाशों की घेराबंदी में लगी हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गये बदमाश आकाश जादौन के गैंग के सदस्य है और पुलिस इनके हाथ आने के बाद इनके अन्य साथियों की तलाश में लगी हुई है।
यह बदमाश पकड़े गए हैं
पुलिस पकड़ में आए बदमाशों की पहचान विवेक पुत्र हरनाम पाठक निवासी राजा की तोर सबलगढ़ मुरैना, शिवम पुत्र चरण सिंह जादौन निवासी सबलगढ़, नितिन पुत्र सुनील जादौन निवासी बनवार सबलगढ़ के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में भागने वाले बदमाशों की पहचान अभिषेक पुत्र वीरे किरार तथा हरिओम पुत्र महेश बाल्मीक निवासी जड़ेरूआ गोला का मंदिर के रूप में हुई है।
सभी बदमाशों का अपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए बदमाशों के बारे में पुलिस को पता चला है कि वह काफी शातिर है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज है। कई थानों की पुलिस को उनकी तलाश है। कई बार पुलिस ने इन्हें घेरा भी है, लेकिन हर बार पुलिस को यह चकमा देकर फरार हो जाते थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाश पूर्व सरपंच बरूआ वीरे किरार के घर डाका डालने आए थे। वह छुपकर रात गहराने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि शहर की अन्य वारदात में खुलासा हो सकता है।
पुलिस का कहना
इस मामले में एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि तीन बदमाशों को पुरानी छावनी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए पकड़ा है, जबकि उनके दो साथी मौका पाकर भाग गए हंै। उनकी तलाश में पुलिस पार्टी दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। पकड़े गए बदमाश आकाश जादौन गिरोह के सदस्य है और वह तानसेन नगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।