ग्वालियर रेलवे स्टेशन की विशाल छत को बादलों जैसा स्वरूप दिया जाएगा

ग्वालियर. ग्वालियर रेलवे स्टेशन को भी नए सिरे से एयरपोर्ट जैसा बनाया जा रहा है इसकी विशाल छत को बादलों जैसा स्वरूप् दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रेलवे स्टेशन पर जाकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम हैदराबाद की कंपनी कर रही है। नया रेलवे स्टेशन 462.79 करोड रुपए में तैयार हो रहा है। यहां नई बिल्डिंग से लेकर यात्री सुविधाओं पर खूब पैसा खर्च किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन का कोनकोर्स एरिया एयरपोर्ट की तर्ज पर 90 मीटर का होगा। स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए दो अलग-अलग भव्य द्वारों का निर्माण किया जाएगा। नए रेलवे स्टेशन की छत को खासतौर पर डिजाइन किया गया है। यहां यात्रियों को प्रकृति का अहसास होगा। स्टेशन की छत बादलों जैसी होगी। जैसे आसमान में कुछ बादल बहुत पास दिखते है और कुछ बहुत दूर नजर आते है वैसा ही नजारा स्टेशन की छत का भी नजर आएगा।
ऐतिहासिक ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की प्रक्रिया 2019 में शुरू हुई थी। रेलवे बोर्ड ने नए स्टेशन के लिए कुल 462.79 करोड का ठेका दिया है। नए रेलवे स्टेशन का निर्माण ग्वालियर में अगले 40 साल को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। स्टेशन पर रोज 1 लाख 40 हजार यात्रियों की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं जुटाई जाएंगी। यहां 48 हजार 61 वर्गमीटर क्षेत्रफल में इमारत आदि बनाई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नए स्टेशन पर सोलर पैनल लगेंगे, रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम और स्कॉडा व बीएमएस सिस्टम होगा। वेस्ट वॉटर रीयूज के सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट होगा। ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन के साथ इमरजैंसी पॉवर बैकअप की सुविधा भी होगी।