ग्वालियर में मुखबिरी के शक में ताबड़तोड़ फायरिंग

ग्वालियर. तिघरा स्थित कुलैध गांव में मुखबिरी के शक में हमलावरों ने एक बदमाश के भाई पर हमला कर दिया। पहले पांच से छह गोलियां हवाई फायर की गई इसके बाद युवक को जमकर लात घूसों से पीटा गया। घटना तिघरा के कुलैथ गांव में देर रात की है। बदमाशों ने युवक को डराने के लिए ताबडतोड फायरिंग की है। किस्मत से गोली किसी को नहीं लगी। जब शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। हमलावरों पर भी कई अपराधिक मामले दर्ज है।
तिघरा थाना क्षेत्र स्थित कुलैथ गांव निवासी 25 वर्षीय रवि पुत्र रतिराम यादव शनिवार को खेरिया गांव में अपने दोस्त दिनेश यादव के घर जा रहा था। इसी दौरान उसके घर के पास ही खेरिया में रहने वाला दीपा यादव, सत्ते यादव एवं अन्य युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। रवि को देखते ही दीपा ने कट्टे से तीन राउंड हवाई फायर ठोंक दिए। इसके बाद बदमाश उसे रोककर गाली-गलौज करने लगे। रवि ने उनका विरोध किया, तो इसी समय सत्ते यादव ने भी कट्टे से तीन फायर कर दिए। अब रवि डर गया और हमलावरों ने उसे पकड़कर लात-घूसों से उसे पीटना शुरू कर दिया। रवि ने शोर मचाया, जिस पर आसपास रहने वाले एकत्रित हो गए। भीड़ को आता देखकर हमलावर धमकाते हुए भाग गए। इसके बाद मारपीट का शिकार रवि थाना पहुंचा और शिकायत की। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना
इस मामले में तिघरा थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है कि दो गुटो की बदमाशी में फायारिंग की घटना हुई है। फिलहाल फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको पकड़ लिया जाएगा।