ग्वालियर में छह फीट गड्ढे में गिरे मासूम भाई-बहन की मौत

ग्वालियर. मोहना इलाके में 6 फीट गहरे गड्ढे में डूबकर मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों मासूम बच्चे घर के पास ही स्थित कब्रिस्तान में बस्ती के बच्चों के साथ खेल रहे थे। यहां ठेकेदार ने बाउंड्री बनाने के लिए 6 फीट गहरा गड्ढे खोदकर रखा था। इसमें बारिश का पानी भरा था। इसी गड्ढे के पास भाई-बहन खेल रहे थे। अचानक पैर फिसला और दोनों गड्ढे में भरे पानी में डूब गए। रात को दोनों का शव बाहर निकाला गया इसके बाद शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। मोहना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मेहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत डांडा मोहला में रहने वाले सोनू शाह फकी है। उनके दो बच्चे थे, बेटा फैजो और बेटी नैनो, घर से शाम को खेलने के लिए निकले। दोनों कब्रिस्तान में खेल रहे थे। यहां बस्ती के और भी बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान फैजी और नैनो गड्ढे के पास चले गए। यहां चप्पल उतार दी। इसके बाद खेलते-खेलते गड्ढे में जा गिरे। दोनों की डूबने से मौत हो गई। इनके स्वजनों ने तब ढूंढना शुरू किया जब दोनों घर नहीं पहुंचे। जब कब्रिस्तान पहुंचे तो गड्ढे के पास चप्पल मिली। पानी में ढूंढा तो दोनों के शव मिल गए।
बस्ती में हंगामा
लोगों ने इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों की मौत का जिम्मेदार ठेकेदार को बताते हुए हंगामा कर दिया। लोग ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे है। पुलिस ने इन्हें समझाया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।