ग्वालियर में जुलूस निकालने वाला गुंडा व गुर्गे पुलिस के डर से फरार

ग्वालियर. नाबालिग रेपिडो राइडर की हत्या और सराफा कारोबारी पर गोलियां चलाने वाला गुंडा कपिल यादव और उसके गुर्गे घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने रातभर इनके घरों पर दबिश दी, जब यह फरार मिले तो इनके स्वजन को समझाइश दी। गुंडा पुलिस के डर से अपने घर नहीं पहुंचा। बड़ागांव और आसपास के गांव में पुलिस की सख्ती का असर गुंडों पर दिख रहा है। तीन गाड़ियां पुलिस ने जब्त की हैं।
अब गुंडे कपिल को जेल से छुड़ाने में मदद करने वाले उसके रिश्तेदार व गांव के लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। यह लोग भी अंडरग्राउंड हैं। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे सनसनीखेज अपराधों में जेल गया गुंडा कपिल यादव तीन जुलाई को जमानत मिलने पर जेल से बाहर आ गया था। जेल पर उसने अपने साथियों को बुलवाया। लक्जरी गाड़ियों से उसके गुर्गे पहुंचे। फिर शहर के अलग-अलग इलाकों में जुलूस निकालकर दहशत फैलाने की कोशिश की।
इंस्टाग्राम पर कई वीडियो लगाए गए, जिसमें अपशब्द लिखे गए और टारगेट कर गोली मारने तक की बातें लिखी थी। जब यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस हरकत में आई। देर रात मुरार पुलिस ने इस मामले में कपिल यादव और उसके साथियों पर एफआइआर दर्ज की। रात को ही मुरार थाना और क्राइम ब्रांच की टीमों ने एकसाथ बड़ागांव में दबिश दी।
सुबह चार बजे तक पुलिस बड़ागांव, मोहनपुर में दबिश देती रही। वीडियो में गाड़ियों के नंबर के आधार पर पुलिस ने गाड़ियों की तलाश की। कुछ गुंडों की पहचान हो गई है। इनकी तलाश चल रही है, पुलिस के डर से यह लोग घर से भाग गए हैं। पुलिस ने पप्पन यादव को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ चल रही है।