ग्वालियर अस्पताल में सर्वर ठप, कतार में मरीज, समय हुआ तो उठे डाक्टर

ग्वालियर. मरीजों की सुविधा के लिए गजराराजा महाविद्यालय प्रबंधन ने भले ही 24 घंटे रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू कर दिए है लेकिन ओपीडी समय पर ही पर्चा बनवाने में मरीजों को सर्वर डाउन की समस्या झेलना पड रही है। दोपहर करीब 1.15 बजे आभा एप सिस्टम सर्वर डाउन होने से गडबडा गया। इससे पंजीयन का काम रूक गया। मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगा रहना पडा। करीब आधा घंटे तक सर्वर बंद रहा। पर्चा बनवाने के लिए कतार में खडे मरीजों के लिए पर्चे बनाए जाने की व्यवस्था शुरू की गई लेकिन जब तक ओपीडी का समय पूरा हुआ तो डॉक्टर उठकर चले गए। इससे मरीजों को बिना उपचार कराए वापस लौटना पडा।
सर्वर डाउन होने से न भर्ती के पर्चे बन सके न ओपीडी के, जिससे व्यवस्था गडबडा गई। पुराने जेएएच परिसर और एक हजार बिस्तर अस्पताल में पंजीयन काउंटर पर मरीज पर्चे बनवाने के लिए लाइन में खडे रहे। जैसे-तैसे पर्चे बने और मरीज डॉक्टर को दिखाने ओपीडी में पहुंचे तब तक डॉक्टर उठ चुके थे। सर्जरी विभाग में जूनियर डॉक्टर बैठे थे।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओपीडी में भी एक कक्ष में सीनियर डॉक्टर की बजाय जूनियर मरीजों का परीक्षण कर रही थीं। पर्चे समय पर न बन पाने के कारण मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पडा। एक हजार बिस्तर अस्पताल के साथ न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलॉजी, कमलाराजा अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए रोजाना 2500 से 3000 मरीजों को इस सिस्टम से जूझना पड रहा है।