गुना में गोवंश के 32 कटे सिर मिलने से सनसनी, गोसेवकों ने जताया आक्रोश
गुना. सकतपुर ग्राम स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पर देर शाम गोसेवकों ने गोवंश के 32 कटे हुए सिर मिलने क बाद गोकशी का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस ने गोवंश के अवशेष की पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों की टीम से सेंपलिंग कराने के बाद अवशेषों को जेसीबी से मौके पर ही दफन करवा दिया। देर शाम गोसेवक हनुमान चौराहा पर हंगामा कर नारेबाजी करने लगे और जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाया और मामले में पशु विभाग के डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज कार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
32 गाय, बछड़े और पाड़ों के सिर मिले
जानकारी के अनुसार गोसेवक रविवार को नगर पालिका के सकतपुर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने यहां 32 गाय, बछड़े और पाड़ों के सिर तीन अलग-अलग जगह पालीथिन, गद्दे आदि के बीच छिपाकर फेंकने का आरोप लगाया। यही नहीं, मामले की प्रशासन से शिकायत की और गोकशी की बात कही। एसडीएम शिवानी पांडे सहित पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और कटे हुए सिरों की पशु चिकित्सा विभाग के डाक्टरों से सेंपलिंग कराई गई। इसके बाद मौके पर ही अवशेषों को जेसीबी से गड्ढा खोदाई कर दफन कराया गया। देर शाम गोसेवक बोरी में मवेशियों के कटे हुए अवशेष लेकर हनुमान चौराहा पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।