अंबाह पुलिस ने कार से चार 12 बोर की बंदूक लाते हुए पकड़ा तस्कर
अम्बाह. पिनाहट रोड पर रात में लगभग 3 बजे कॉम्बिंग गश्त के दौरान अम्बाह एसडीओपी रवि भदौरिया और महुआ थाना पुलिस ने बलेनो कार में से अवैध 4 बन्दूक जब्त की हैं। वहीं अवैध हथियारों के साथ कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कार ड्रायवर ऐसे आया पकड़ में
यूपी के पिनाहट से सटे महुआ थाना की उसैद रोड पर रात में तस्करों के लग्जरी वाहनों से हथियार तस्करी करने में काफी आसानी रहती है। इसलिये इस क्षेत्र में अवैध हथियार तस्कर इसी रूट का सहारा लेकर अवैध गतिविधि करते है। इस रोड पर रात में पुलिस भी मुस्तैद रहती है। इसी के चलते अम्बाह उसैद घाट रोड विंडवा और बड़ापुरा मोड पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस को इस बीच ग्वालियर के रजिस्ट्रेशन नम्बर वाली एक बलेनो कार को रोक कर चेकिंग की गयी तो उसकी डिक्की में 12 बोर की 4 बंदूकें मिली। जिस व्यक्ति की कार से यह अवैध हथियार बरामद हुए है अम्बाह के जग्गा चौराहा क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं पुलिस द्वारा उसकी पहचान गौरवसिंह तोमर उर्फ मुच्ची बतायी गयी है।
आरोपी से पूछताछ जारी
मामले में अंबाह एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि अवैध हथियारों के साथ हमने कार चालक गौरव सिंह तोमर उर्फ मुच्ची को पकड़ा है। उससे प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि वह यह हथियार आगरा उत्तर प्रदेश से लाया था। फिलहाल उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हथियार कहां से लाए गए थे और इनको किस उद्देश्य से यहां लाया गया था।