गंगा दशहरा पर भव्यता के साथ करें जल संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन
ग्वालियर – गंगा दशहरा पर जिला मुख्यालय, विकासखंड मुख्यालय एवं सभी नगरीय निकाय व ग्राम पंचायतों में भव्यता के साथ “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत कार्यक्रम आयोजित करें। प्रयास ऐसे हों कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जन-जन तक जल सहेजने का संदेश पहुँचे। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को दिए।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत हाथ में लिए गए जल संरक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी लागत व जन सहयोग के ब्यौरे सहित माँगी है। उन्होंने कहा अभियान में जन-जन की भागीदारी के लिये कलश यात्राएँ जैसी गतिविधियाँ लगातार जारी रहें।
कार्यालय परिसर व संस्थाओं में रोपे पौधे
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सड़कों व जल संरचनाओं के किनारे, बाउण्ड्रीवॉल युक्त दफ्तरों, स्कूल व छात्रावास परिसर, श्मशानघाट, पहाड़ियों व सरकारी जमीन पर सुनियोजित प्लान बनाकर वृक्षारोपण करने के लिये कहा। साथ ही निर्देश दिए कि रोपा गया हरेक पौधा पेड़ बन सके, इसके लिए पौधों के रख-रखाव व पानी की पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने हर विभाग द्वारा रोपे जा रहे पौधों की संख्या की जानकारी मांगी है। जिले में पाँच लाख से अधिक पौधे रोपने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
एल-1 स्तर पर शिकायत अटेण्ड नहीं हुई तो होगी कार्रवाई
सीएम हैल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि एल-1 स्तर पर सीएम हैल्पलाइन की हर शिकायत अटेण्ड हो। यदि ऐसा नहीं हुआ तो एल-1 स्तर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को सीएम हैल्पलाइन की लंबित शिकायतों को तेजी से निराकृत करने के निर्देश दिए।