बीकॉम छात्र को सीने में मारी गोली, पीडि़त ने अपने ही 4 दोस्तों पर लगाया हमले का आरोप
ग्वालियर. बीकॉम के छात्र को उसके ही दोस्तों ने गोली मार दी। गोली छात्र के सीने में लगी है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस ने आरोपियों पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना सोमवार की दोपहर 3 बजे की है। पीडि़त का नाम यश गोस्वामी है। ऐसा बताया जा रहा है कि दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था। वह दोनों शहर के मिलन गार्डन रमटापुरा पहुंचे तभी 4 युवक वहां आये और उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह वहीं गिर पड़ा। इधर, गोलीबारी के बाद हमलावर भाग गये। जो दोस्त यश को घर से बुलाकर ले गये थे, वही उसे अस्पताल लेकर पहुंचा।
दोस्त आये, यकायक ही फायर कर दिया
19 वर्ष का यश गोस्वामी बीकॉम सेकेण्ड ईयर का स्टूडेंट्स है। उसके पिता धर्मेन्द्र गोस्वामी बिल्डर है। सोमवार की दोपहर को यश घर पर सो रहा था। तभी उसका दोस्त उसे बुलाने आ गया। इसके बाद वह दोनों घूमने निकल गये। घायल छात्र ने पुलिस को बताया कि शिवा तोमर, आदित्य परमार, अभिषेक उर्फ अभि पंडित, कृष्णा पंडित ने उस पर गोली चलाई। किसी बात को लेकर एक दिन पहले उसका इनसे विवाद हुआ था। तब इन्होंने मुझे देख लेने की धमकी दी थी।
पुलिस को CCTV में अकेला जाता दिखा छात्र
पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे CCTV खंगाल रही है। पुलिस को एक फुटेज मिला है, लेकिन उसमें छात्र अकेला जाते नजर आ रहा है। पुलिस अन्य स्थानों पर लगे फुटेज चेक कर रही है। सीएसपी इंदरगंज अशोक सिंह जादौन का कहना है कि छात्र के सीने पर गोली लगी है। उससे चार युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।