जाजऊ-करौंधाना के बीच बनेगा छह लेन का आरओबी, 36 बस स्टाप भी होंगे तैयार

ग्वालियर. ग्वालियर से आगरा के बीच लगभग 3841 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का प्राथमिक अलाइनमेंट तय होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। अब इस प्रोजेक्ट की बारीकियां सामने आने लगी हैं। इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार आगरा रेल खंड के जाजऊ से करौंधाना के बीच छह लेन का एक रेल ओवरब्रिज तैयार किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में निजी वाहनों के साथ ही सार्वजनिक परिवहन के साधनों के संचालन की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके लिए 88.400 किमी लंबे एक्सप्रेस वे पर 36 बस स्टाप भी तैयार किए जाएंगे। वहीं माल ढुलाई करने वाले ट्रकों के रुकने के लिए अलग से तीन लेबाइ रोड का भी प्रस्ताव बनाया गया है।
रेल ओवरब्रिज के लिए रेलवे से मंजूरी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। वहीं बस स्टाप के लिए भी स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे में छह बड़े जंक्शन रहेंगे यानी जहां से वाहन चढ़ और उतर सकेंगे। इसमें मुरैना, धौलपुर सिटी, धौलपुर में स्टेट हाइवे क्रमांक दो, धौलपुर बायपास रोड पर महाराजपुरा गांव, आगरा के जाजऊ और आगरा बायपास की ओर बाद में रहेगा। वहीं 131 छोटे जंक्शन भी चिह्नित किए गए हैं, जो एक्सप्रेस वे के आसपास के गांवों से गुजरने वाली सड़कें हैं, लेकिन इन सड़कों का प्रवेश एक्सप्रेस वे पर नहीं रहेगा।
प्रोजेक्ट में कुल 10 बड़े पुल भी तैयार कराए जाएंगे। ये पूरे प्रोजेक्ट में कितने किमी पर होंगे, ये जल्द ही फाइनल कर लिया जाएगा। दो रोड ओवरब्रिज और फ्लाईओवर भी प्रोजेक्ट के अंतर्गत तैयार होंगे। ये बारीकियां प्रोजेक्ट में जोड़ने के बाद आगामी 12 जून को टेंडर खोले जाएंगे। इसके अलावा एनएचएआइ ने इस प्रोजेक्ट के लिए सलाहकार एजेंसी के चयन की भी प्रक्रिया शुरू की है, साथ ही जनसुविधा की दृष्टि से बाकी बिंदुओं पर भी काम शुरू कर दिया है।