केंद्रीय मंत्री सिंधिया के बेटे महानआर्यमान की कंपनी से 12 लाख की ठगी

ग्वालियर. केंद्रीय मंत्री सिंधिया के बेटे महानआर्यमान सिंधिया की कंपनी हायपर ग्रोसर प्रायवेट लिमिटेड के साथ प्रोक्योरमेंट मैनेजर शिवम गुप्ता ने ही 12 लाख रुपये की धोखाधडी कर दी। कंपनी द्वारा शिवम को किसानों और कारोबारियों से सब्जी, फल खरीद की जिम्मेदारी दी गई थी। उसने किसानों से कम दाम में खरीदकर कंपनी से अधिक दाम का भुगतान लेने के साथ ही फर्जी फर्म श्री श्याम ट्रैडिंग से खरीद बताकर गबन कर दिया।
आरोपित ने स्वीकार किया आरोप
श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी शिवम गुप्ता द्वारा ही चलाई जा रही थी। संदेह हुआ तो कंपनी के अधिकारियों द्वारा इसकी ांच कराई गई साथ ही शिवम से पूछताछ की गई तो उसने धोखाधडी करना स्वीकार किया। इस मामले में जनकगंज थाना पुलिस ने धोखाधडी, गबन सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। जनकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित हाइपर ग्रोसर प्रायवेट लिमिटेड के मैनेजर उत्कर्ष पुत्र मिलिंद हंडे निवासी पीजीव्ही कालेज के पास ने जनकगंज थाने पहुंचकर शिकायत की थी कि उनकी कंपनी में शिवम गुप्ता निवासी जनकगंज प्रोक्योरमेंट मैनेजर के पद पर काम करता है। हाइपर ग्रोसर प्रायवेट लिमिटेड द्वारा ही माय मंत्री नाम से वेयरहाउस संचालित किया जाता है। कंपनी के प्रोक्योरमेंट मैनेजर शिवम गुप्ता ने सब्जियाें की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी की।
फिर श्रीश्याम ट्रेडिंग कंपनी के नाम से बोगस फर्म खोलकर इसके माध्यम से भी हाइपर ग्रोसर प्रायवेट लिमिटेड को चूना लगाया। इस तरह करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी उसने की। बताया जा रहा है कि मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से आरोपित को भी तुरंत ही हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ चल रही है। हालांकि उसके पकड़े जाने की पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने नहीं की है।
हायपर ग्रोसर प्रायवेट लिमिटेड के प्रोक्योरमेंट मैनेजर ने ही कंपनी में 12 लाख रुपये का गबन किया है। कंपनी प्रबंधन की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

– विपेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी, जनकगंज