ग्वालियर की युवती से ठाणे में चलती ट्रेन में दुष्कर्म, जीआरपी ने दर्ज किया मामला

ग्वालियर. ग्वालियर की रहने वाली एक युवती के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले में चलती ट्रेन में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह वारदात गत 10 मार्च की बताई गई है। वारदात के बाद युवती ने ग्वालियर के पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज कराने के प्रयास किए, इसके बाद रेल पुलिस अधीक्षक भोपाल से मामले की श्किायत की जिसके बाद जीआरपी ग्वालियर ने शून्य पर मामला दर्ज कर विस्तृत जांच के लिए केस डायरी को घटनास्थल यानी ठाणे जीआरपी को भेज दी है।
ग्वालियर निवासी युवती गत 10 मार्च को उत्तर प्रदेश जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थी। ट्रेन में यात्रा के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। यह घटना मुंबई के कुर्ला में लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्टेशन को छोड़ने और ठाणे रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के दौरान 40 मिनट के अंदर हुई।
इसके बाद जब महिला को होश आया, तो उसने ग्वालियर लौटकर एफआइआर दर्ज कराने के प्रयास किए। कई बार जीआरपी में भी एफआइआर दर्ज करने के प्रयास किए गए, लेकिन महिला की बात पर भरोसा नहीं किया गया। इसके बाद महिला ने रेलवे एसपी को शिकायत की, जिसके बाद जीआरपी ने गत अप्रैल माह में शून्य पर मामला दर्ज कर विस्तृत जांच के लिए केस डायरी को ठाणे जीआरपी को भेज दिया है।
ठाणे की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना धुपाले ने बताया कि पीड़िता ने घटना के 39 दिन बाद अप्रैल में ग्वालियर जीआरपी में एफआइआर दर्ज कराई है। इस एफआइआर को विस्तृत जांच के लिए ठाणे भेजा है। लोकमान्य तिलक टर्मिनल से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने के कारण तुलसी एक्सप्रेस और उसी समय पर स्टेशन छोड़ने वाली दो अन्य ट्रेनों के आरक्षण चार्ट की जानकारी खंगाली जा रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन काल रिकार्ड की जांच कर तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।