सुबह की सैर पर निकली महिला के गले से झपट्टा मारकर लूटी चेन, बाइक सवार पर 2 बदमाश थे

ग्वालियर. शुक्रवार की सुबह मोटरसाईकिल सवार 2 बदमाश वॉक पर निकली महिला पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट कर ले गये है। घटना बलवंतनगर के पास सिटीसेंटर पटेलनगर रोड़ की है। बदमाश 2 थे एक मोटरसाईकिल पर सवार थे और दूसरा फोन पर बात कर रहा था। जैसे ही महिला निकली तो उसके गले पर जोर से हाथ मारा और चेन खींच ली।
लूट की घटना के बाद अपने साथी के साथ भाग गया। महिला ने शोर मचाते हुए पीछा कियर, लेकिन कोई मदद के लिये नहीं आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। बदमाश भाग निकले थे। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
शहर के बलवंत नगर निवासी 55 वर्षीय संगीता सक्सेना गृहिणी हैं। संगीता के पति रमेश सक्सेना रिटायर्ड इंजीनियर हैं। संगीता रोज की तरह शुक्रवार सुबह वॉक के लिए निकली थीं। वॉक करते हुए जब वह वापस लौट रही थीं, तो पटेल नगर स्थित बुलेट बाइक के शोरूम के पास बाइक सवार एक लड़का खड़ा था। कुछ ही दूरी पर दूसरा आदमी खड़ा था। सभी कुछ सामान्य लग रहा था। जैसे ही वह पास से गुजरीं तो युवक ने झपट्‌टा मारकर उनकी एक तोला वजनी चेन लूट ली। घटना के बाद महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। तत्काल महिला ने घर आकर परिजन को बताया और पुलिस को सूचना दी। विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मैं शोर मचाती हुई चौराहा तक भागी
मैं जब वॉक कर वापिस लौट रही तो सफेद रंग की शर्ट में एक युवक पास ही खडा फोन पर बात कर रहा था। उसकी उम्र कोई 40 वर्ष के लगभग होगी। जैसे ही मैंने उसे क्रॉस किया। उसने पीछे से आकर मेरे कंधों पर जोर से हाथ रखे। इसके बाद गले पर झपट्टा मारा। जब मैंने देखा तो वह मेरी सोने की चेन ले कर भाग रहा था। कुछ दूरी पर जाकर वह बाइक सवार केक साथ बैठकर भाग गया। मैंने शोर मचाते हुए दौडकर उनका पीछा किया। लेकिन वह कहीं नहीं मिले।
लुटेरों का यह था हुलिया
लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश 35 से 40 वर्ष के थे। उनमें से एक बाइक चला रहा था दूसरा जिसने झपट्टा मारा और फोन पर बात करते हुए खड़ा था। वह सफेद शर्ट पहने हुए था।
पहले हो चुकी हैं चार लूट, अब तक नहीं लगा सुराग
ग्वालियर में मतदान से दो दिन पहले बदमाशों ने थाटीपुर, विश्वविद्यालय, बहोड़ापुर और पड़ाव में भी चेन स्नेचिंग की चार वारदातों को अंजाम दिया था। इन मामले में भी पुलिस को अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
पुलिस का कहना
सीएसपी अशोक सिंह जादौन ने बताया कि मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूटी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।