बड़ागांव खुरैरी में हुआ है हादसा, स्विमिंग पूल में डूबकर युवक की मौत
ग्वालियर. शहर में एक कोचिंग सेंटर के कैब चालक की संदिग्ध हालात में स्विमिंग पूल में डूबकर मौत हो गई है। घटना रविवार शाम बड़ागांव खुरैरी में एक स्विमिंग पूल की है। मृतक रविवार को छुट्टी होने पर अपने कुछ दोस्तों के साथ पूल पार्टी करने के लिए स्विमिंग पूल पर पहुंचा था। वहां शराब पार्टी भी हुई है ऐसा पता लगा है। शाम के समय वह पूल में छलांग लगाकर कूदा, लेकिन फिर वापस बाहर ही नहीं आया। जब तक कोई कुछ समझ पाता उसका शव पानी में उतराने लगा। तत्काल उसे पानी से निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ है। परिजन ने उसके साथ कोई षड़यंत्र होने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।