गूगल में फिर चली छंटनी की तलवार, जिन पर था भर्ती का जिम्मा, उनकी ही गई नौकरी
गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने एक बार फिर छंटनी की है. कंपनी ने इस बार अपनी ग्लोबल रिक्रूटमेंट टीम से सैंकड़ों कर्मचारियों को बाहर कर दिया है. चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कर्मचारियों की छंटनी करने वाली अल्फाबेट पहली कंपनी बन गई है. कंपनी ने हायरिंग पहले ही स्लो कर रखी है. साल 2023 की शुरुआत में टेक कंपनियों ने छंटनी शुरू की थी और कर्मचारियों को निकालने का दौर अभी बीता नहीं है. अल्फाबेट के साथ ही मेटा और अमेजन सहित कई दिग्गज टेक कंपनियां पहले भी बहुत से कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अल्फाबेट ने सैकड़ों पदों को समाप्त करने का फैसला लिया है. यह व्यापक पैमाने पर छंटनी का हिस्सा नहीं है. महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए टीम की संख्या को बरकरार रखा जाएगा. अल्फाबेट ने जनवरी में भर्ती और इंजीनियरिंग टीमों में लगभग 12,000 नौकरियों में कटौती की थी. कर्मचारियों की ये छंटनी दुनिया भर में की गई थी, जो कुल वर्कफोर्स का लगभग 6 फीसदी है. अमेजन की ओर से 18,000 नौकरियों में कटौती का एलान किया गया था. माइक्रोसॉफ्ट ने भी 10,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था.
चार गुना बढ़ गई छंटनी
अमेरिका सहित दुनियाभर में कंपनियां कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही हैं. दिग्गज कंपनियों के साथ-साथ स्टार्टअप्स ने भी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है. रोजगार फर्म चैलेंजर की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में ग्रे और क्रिसमस नौकरी में कटौती अगस्त में जुलाई से तीन गुना से अधिक और एक साल पहले की अवधि की तुलना में लगभग चार गुना बढ़ गई है. रॉयटर्स की ओर से सर्वे में इकनोमिस्ट ने अनुमान लगाया था कि अमेरिका में बेरोजगारी लाभ के लिए नए दावों में 9 सितंबर को समाप्त सप्ताह में लगभग 8 फीसदी की बढ़ोतरी होगी.