दीपक गुप्‍ता को मिली कोटक महिंद्रा बैंक की कमान, RBI ने 2 महीने के लिए बनाया MD-CEO

नई दिल्‍ली. निजी क्षेत्र के चौथे सबसे बड़े बैंक कोटक महिंद्रा को नया मुखिया मिल गया है. रिजर्व बैंक (RBI) ने दीपक गुप्‍ता को बैंक का नया मैनेजिंग डाइरेक्‍टर (MD) और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाया है. हालांकि, यह उनकी अं‍तरिम नियुक्ति है और सिर्फ 2 महीने के लिए दीपक को कार्यभार दिया गया है. इससे पहले महीने की शुरुआत में उदय कोटक ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया था.


कोटक महिंद्रा बैंक ने शुक्रवार को अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि आरबीआई ने 2 महीने की अवधि के लिए दीपक गुप्‍ता की नियुक्ति की है, जो 2 सितंबर से प्रभावी हो चुकी है. इससे पहले 1 सितंबर को उदय कोटक ने अपना कार्यकाल खत्‍म होने के 4 महीने पहले ही एमडी-सीईओ पद से इस्‍तीफा दे दिया था. उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2023 को खत्‍म होना था.


कौन हैं दीपक गुप्‍ता
दीपक गुप्‍ता को बैंकिंग सेक्‍टर में लंबा अनुभव है और वह कोटक बैंक के साथ बतौर एसोसिएट 1999 से ही जुड़े हैं. तब उन्‍होंने कोटक महिंद्रा फाइनेंस लिमिटेड में बतौर एग्‍जीक्‍यूटव डायरेक्‍टर ज्‍वाइन किया था. उन्‍होंने कोटक के रिटेल बिजनेस को बढ़ाने और कोटक को 2003 में बैंकिंग लाइसेंस दिलाने में भी बड़ी भूमिका निभाई थी. कोटक समूह को ज्‍वाइन करने से पहले दीपक गुप्‍ता ने एएफ फर्ग्‍यूसन में बतौर कंसेल्‍टेंसी डिविजन काम किया था.