प्रदेश में बनेगा उद्यानिकी फसलों के लिए मार्केटिंग बोर्ड: मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कुशवाहा समाज देशभक्त और परिश्रमी समाज है। समाज को संगठित रहकर आगे बढ़ना है। कुशवाहा समाज भारतीय संस्कृति का रक्षक है। इसी समाज से चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे रत्न निकले। फल-फूल, सब्जी के उत्पादन और व्यापार से जुड़े कुशवाहा समाज के हित में उद्यानिकी फसलों के लिए पृथक मार्केटिंग बोर्ड का गठन किया जाएगा, ताकि छोटे-छोटे किसानों को बिचौलियों से निजात मिल सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज भेल दशहरा मैदान में कुशवाहा महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सागर में लवकुश मंदिर के निर्माण एवं सामुदायिक धर्मशाला के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि का चैक कुशवाहा सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. वर्मा को सौंपा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा मध्यप्रदेश के कार्यालय के लिए भूमि आवंटन के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। दमोह जिले के सीएम राइज विद्यालय का नामकरण महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर किया जाएगा। महाकुंभ में पूरे प्रदेश से आए प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुशवाहा समाज ने राष्ट्र रक्षा के लिए अमूल्य योगदान दिया है। विदेशी हमलावारों को खदेड़ने में समाज बंधुओं ने परिश्रम किया है। स्वतंत्रता संग्राम में समाज की भागीदारी रही। महात्मा ज्योतिबा फुले और श्रीमती सावित्री फुले ने स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुशवाहा समाज के हित में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पूर्व में कुशवाहा समाज के कल्याण के लिए की गई घोषणाओं पर अमल किया गया है। सम्पूर्ण मानव समाज को ज्ञान और शिक्षा की रोशनी देने वाले समाज के महापुरुष श्री ज्योतिबा फुले और श्रीमती सावित्री बाई फुले के कृतित्व और व्यक्तित्व से प्रदेश की नई पीढ़ी को परिचित करवाने और उनसे प्रेरणा लेकर अपना भविष्य तय करने के लिए श्री ज्योतिबा फुले और श्रीमती सावित्री बाई फुले की जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। राज्य शासन ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाने का निर्णय लेने के साथ महात्मा फुले की जयंती पर प्रदेश में ऐच्छिक अवकाश घोषित किया है। महात्मा फुले की स्मृति को चिर स्थाई बनाने के लिए दमोह के हायर सेकेंडरी स्कूल का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर किया गया है। कुशवाहा कल्याण बोर्ड का गठन कर कुशवाहा समाज को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की सौगात दी गई है।