प्रदेश में सामाजिक और आर्थिक क्रांति का दौर – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज गान महर्षि संगीत सम्राट तानसेन की जन्म-स्थली बेहट में सरकार का खजाना खोल कर बहुप्रतीक्षित बड़े-बड़े विकास कार्यों की सौगातें दी। उन्होंने बेहट के कृषि उपज मंडी परिसर में हुए भव्य समारोह में मौजूद विशाल जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में वर्तमान में विकास कार्यों के साथ सामाजिक क्रांति और प्रदेशवासियों को आत्म-निर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का दौर चल रहा है। इसी दिशा में सरकार ने क्रांतिकारी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की है। समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समारोह में महात्वाकांक्षी टिकटौली माइक्रो सिंचाई परियोजना सहित 101 करोड़ रूपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण रिमोट का बटन दबा कर किया। साथ ही बेहट में महाविद्यालय खोलने और बेहट का नाम तानसेन नगर करने, क्षेत्र में स्थित अंजनी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिये एक करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराने और क्षेत्र के चंदीला डैम का जीर्णोद्धार तकनीकी परीक्षण के आधार पर कराने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुरार ग्रामीण क्षेत्र में खुरैरी से बिजौली-गुंधारा-जिगनिया होते हुए गुहीसर सड़क की प्रशासकीय स्वीकृति भी जल्द जारी कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा भदावना, बेहट, काशीबाबा एवं देवगढ़ को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा गया है, जिसे मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनों के साथ पूरे परिवार की जिंदगी बदलने के लिये सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू की है। युवाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिये मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना लागू करने का निर्णय लिया है। योजना में सरकार युवाओं को 700 प्रकार के कामों का विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं में प्रशिक्षण दिलायेगी, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके। काम सीखने के बदले में सरकार हर युवा को उनके कौशल अनुसार प्रोत्साहन स्वरूप 8 से 10 हजार रूपए प्रतिमाह देगी। इसी माह 15 जून से योजना में पंजीयन शुरू हो जायेगा। प्रदेश में वर्तमान में एक लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रचलन में है। यह भर्ती पूरी होते ही 50 हजार और भर्ती शुरू की जायेगी। सरकार युवाओं को नौकरी दिलाने के साथ उद्यम क्रांति एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाओं से आत्म-निर्भर बनाने का काम भी कर रही है। सरकार मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ एवं प्रबंधन आदि में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के विद्यार्थियों की फीस भी भर रही है। सरकार ने मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में करने की व्यवस्था भी की है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिये क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। केन्द्र और राज्य सरकार मिल कर हर किसान को साल में 10 हजार रूपए दे रही है। राज्य सरकार ने किसानों के कृषि ऋण का ब्याज भरने का फैसला भी किया है। राज्य सरकार किसानों के ऊपर चढ़े 2200 करोड़ रूपए का ब्याज भरेगी। इसी तरह फसल बीमा योजना में आगामी 13 जून को 10 हजार किसानों के खाते में 2900 करोड़ रूपए अंतरित किये जायेंगे।

10 जून को शाम 6 बजे 1000 रूपए भेजने का बटन दबा दिया जायेगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने प्रिय गीत “फूलों का तारों का सबका कहना है…एक हजारों में मेरी बहना है” को गुनगुनाते हुए समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद नारी शक्ति से कहा कि इंतजार की घड़ियाँ खत्म होकर अब शुभ घड़ी आ गई है। 10 जून को शाम 6 बजे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में हर बहना के खाते में 1000 रूपए भेजने का बटन दबा दिया जायेगा। उन्होंने कहा राजनैतिक प्रतिनिधित्व देने के लिये सरकार ने महिलाओं को पंचायत और नगरीय निकायों में आरक्षण दिया है। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना जैसी क्रांतिकारी योजनाएँ शुरू की हैं। पुलिस की भर्ती में 30 प्रतिशत आरक्षण और मकान, दुकान एवं अन्य परिसम्पत्तियों का मालिक बनाने के उद्देश्य से महिलाओं के नाम से संपत्ति का पंजीयन शुल्क मात्र एक प्रतिशत किया गया है। इससे अब प्रदेश में 45 प्रतिशत सम्पत्तियों के पंजीयन महिलाओं के नाम से होने लगे हैं, जो पहले मात्र 2 प्रतिशत थे।